बहराइच , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रंजीतबोझा गांव में रविवार को प्राथमिक विद्यालय जाने वाले रास्ते के किनारे झाड़ियों में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, रंजीतबोझा गांव निवासी तसव्वर उर्फ शब्बीर का शव गांव में धनीराम के बाग की झाड़ियों में पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के मुताबिक शब्बीर कबाड़ का काम करता था और काम के सिलसिले में नेपाल भी आता-जाता था। शनिवार को वह काम के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए। रविवार सुबह झाड़ियों में उसका शव पड़े होने की सूचना मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित