झांसी , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को झांसी जिले में 83.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गुरसराय नगर पालिका परिषद एवं गरौठा नगर पंचायत संयुक्त पुनर्गठित पेयजल योजना का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से गुरसराय और गरौठा क्षेत्र के लगभग 7,740 घरों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। यह योजना केवल पेयजल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी परियोजना है। योजना के तहत आधुनिक जल शोधन और वितरण प्रणाली विकसित की गई है, जिससे घर-घर गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुंदेलखंड में पेयजल, बिजली और आधारभूत ढांचे के विकास पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सौर ऊर्जा परियोजनाओं और डिफेंस कॉरिडोर के विकास से निवेश बढ़ेगा तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता स्थानीय युवाओं को स्थानीय उद्योगों में रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि पलायन रुके और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने अभिभावकों से अपने बेटे-बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में उद्योगों और कंपनियों को प्रशिक्षित युवाओं की आवश्यकता होगी।
श्री शर्मा ने कहा कि सरकार ऐसा विकास मॉडल तैयार कर रही है, जिसमें आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, रोजगार और औद्योगिक विकास एक-दूसरे के पूरक बनें। उन्होंने बताया कि, बुंदेलखंड अब पिछड़े क्षेत्र की पहचान से आगे बढ़कर विकास, निवेश और नए अवसरों का केंद्र बन रहा है।
कार्यक्रम में गरौठा के विधायक जवाहर लाल राजपूत ने भी स्थानीय उद्योगों और विकास परियोजनाओं में क्षेत्र के युवाओं को प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। समारोह में जनप्रतिनिधियों सहित लगभग तीन हजार स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित