महासमुंद , सितंबर 05 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में झलप-बागबाहरा मार्ग की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर झलप में करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया।

ग्रामीणों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित झलप से बागबाहरा जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित करीब 32 किलोमीटर लंबी सड़क पर छिलपावन के पास बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीण पिछले करीब दो वर्षों से सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

आज गड्ढों में भारी वाहन फंसने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने झलप में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर तहसीलदार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाइश दी। करीब एक घंटे बाद सड़क की मरम्मत का आश्वासन मिलने पर चक्काजाम समाप्त किया गया। इस दौरान राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि टोल से बचने के लिए बड़ी संख्या में भारी वाहन झलप-बागबाहरा मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे सड़क लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में प्रशासन और संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों के मुताबिक छिलपावन के पास दुकानों की नालियों का पानी सड़क पर आने और भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है।

बताया गया है कि झलप-बागबाहरा सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के दूसरे चरण में किया गया था और इसकी निर्धारित रखरखाव अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो चुकी है। चक्काजाम समाप्त होने के बाद प्रशासन ने तत्काल गिट्टी डालकर सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित