बैतूल , जून 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आज मंगलवार को हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, जबकि किसानों ने इसे आगामी खरीफ सीजन के लिए शुभ संकेत बताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह से ही जिले में बादलों का डेरा बना हुआ था। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मूसलाधार वर्षा में बदल गई। लगभग आधे घंटे तक हुई वर्षा से शहर और आसपास के क्षेत्रों का मौसम सुहावना हो गया। कई सड़कों पर पानी बहने लगा तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। स्थानीय स्तर पर आधा इंच से अधिक वर्षा दर्ज किए जाने की जानकारी है।

पिछले कई दिनों से जिले में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा था। वर्षा के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक महसूस की गई। हालांकि बारिश थमने और बादल छंटने के बाद हवा में नमी बढ़ने से शाम के समय उमस का असर फिर महसूस होने लगा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून-पूर्व गतिविधियों के दौरान ऐसी स्थिति सामान्य होती है। वर्षा के बाद तापमान में कमी आती है, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से उमस बनी रहती है। बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलने की उम्मीद है। जिले में खरीफ फसलों की तैयारी शुरू हो चुकी है और किसान लंबे समय से अच्छी वर्षा की प्रतीक्षा कर रहे थे। किसानों का मानना है कि समय पर हुई वर्षा से खेतों में नमी बढ़ेगी और बोवनी की तैयारियों को गति मिलेगी।

मौसम विभाग के अनुसार जिले में आगामी दिनों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। 17 से 21 जून के बीच बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। विभाग का कहना है कि मध्य भारत में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं और आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित