हल्द्वानी , अगस्त 10 -- उत्तराखंड की नैनीताल जिले की चोरगलिया पुलिस ने झपट्टामारी के मामले का खुलासा करते हुए सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 07 अगस्त की शाम करीब सात बजे सितारगंज के पहाड़ी उकरौली निवासी रमेश चंद्र साइकिल से गोविंदपुर जा रहा था। इसी बीच बगीचा रेस्टोरेंट के पास एक युवक ने उसके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया। मामले में 9 अगस्त को चोरगलिया थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी तारा सिंह राणा की अगुवाई में पुलिस टीम ने आदित्य कुमार उर्फ विक्की (25) निवासी धर्मगढ़, चोरगलिया को छीने गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित