हरिद्वार , अप्रैल 03 -- उत्तराखंड में जनपद की कोतवाली रुड़की पुलिस ने शुक्रवार को झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए दो मोबाइल स्नैचरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 मार्च 2026 को वादी संजय मुखर्जी निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान सामने आया कि घटना के बाद भागते समय आरोपियों ने तेज और लापरवाही से बाइक चलाते हुए रुड़की के बोट क्लब के पास एक अन्य मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे सुमित सहित दो लोग घायल हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों-माजिद पुत्र जुम्मन निवासी मिलाप नगर ढंडेरा और आसिफ पुत्र इरशाद निवासी ढंडेरा, रुड़की-को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित