झज्जर , मार्च 23 -- ) हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार कैंटर ने सड़क पर कहर बरपाते हुए सात लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना दिल्ली-रोहतक रोड स्थित आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमआईई) के मामा चौक पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार कैंटर ने सबसे पहले सड़क पार कर रहे दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद भी चालक नहीं रुका और वाहन को तेज गति से बाईपास की ओर भगा ले गया।

भागते हुए कैंटर ने एक मोटरसाइकिल को कुचल दिया, जिसमें कानोंदा निवासी योगेंद्र (30) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया। आगे जाकर बेकाबू वाहन ने एक ऑटो को भी टक्कर मार दी, जिसमें सवार महिला प्रेम, उसके पति कृष्ण और चालक जयवीर घायल हो गए।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कैंटर फ्लाईओवर के पिलरों के बीच फंसकर रुक गया, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अशोक (32), शंभू (22) और योगेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित