झज्जर , जुलाई 06 -- हरियाणा में झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर सोमवार को सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास सड़क किनारे दो व्यक्तियों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल के पास एक पाइप और एक ड्रम भी मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंके गए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सूचना मिलने पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव यहां कैसे पहुंचे और वारदात में कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित