वाराणसी , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहिया गांव में मुख्य द्वार पर झंडा लगाने को लेकर विवाद शुक्रवार को हिंसा में बदल गया। दो संगठनों के बीच झड़प और पथराव के दौरान एसीपी, दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
गोसाईपुर चौकी प्रभारी विपिन पांडेय की तहरीर पर 11 नामजद और 50 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बटुक भैरवनाथ मंदिर के मुख्य द्वार पर रामनवमी के अवसर पर हिंदू संगठनों द्वारा केसरिया झंडा लगाया गया था। 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के दिन वहाँ अंबेडकर जी का झंडा भी लगा दिया गया। झंडा लगाने और क्षति पहुंचाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया।
गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया था। लेकिन शुक्रवार को दलित समाज से जुड़े लोगों ने फिर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ उग्र हो गई और मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
इस दौरान सारनाथ के एसीपी विदुष सक्सेना समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित