पटना , मई 27 -- बिहार में पटना जिले के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में हुई ज्वैलरी दुकान डकैती कांड में पुलिस ने एक और अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। साथ ही डकैती की गई पूरी सामग्री, घटना में प्रयुक्त हथियार और बाइक भी बरामद कर ली गई है।
सूत्रों ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 को दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर एक ज्वैलरी दुकान में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार के निर्देशन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
गठित टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर महज 48 घंटे के भीतर मामले का सफल उद्भेदन कर लिया था। इस दौरान कई अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार चल रहा था।पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश के कारण फरार अभियुक्त ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर बुधवार को आकाश कुमार नामक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि मामले में अब तक कुल सात अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं। डकैती में लूटी गई पूरी सामग्री, इस्तेमाल किए गए हथियार और बाइक भी बरामद कर ली गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित