छिंदवाड़ा , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के चौरई नगर में सिवनी रोड स्थित ओम ज्वेलर्स एवं बर्तन भंडार में सोमवार देर रात तीन नकाबपोश चोरों ने धावा बोलकर करीब 20 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और गिरवी रखा सामान चोरी कर लिया। चोरी की वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान संचालक सरल उर्फ शेरू सोनी के अनुसार चोर करीब चार किलो चांदी, 50 ग्राम सोना, 70 हजार रुपये नकद और गिरवी रखा सामान ले गए। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध दुकान के अंदर चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि चोरों ने पहले दुकान की साइड वाली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर मुख्य मार्ग की ओर लगी शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया।
चौरई क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं के बीच मुख्य मार्ग स्थित प्रतिष्ठान में हुई इस वारदात से व्यापारियों में चिंता है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित