छिंदवाड़ा , अगस्त 05 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव स्थित एक ज्वेलर्स शोरूम में खरीदारी के दौरान महिला ग्राहक के पर्स से 20 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार को जुन्नारदेव बाजार स्थित स्वर्णदीप ज्वेलर्स में बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला ग्राहक के पर्स से अज्ञात महिला ने कथित रूप से 20 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी तब हुई जब पीड़िता ने भुगतान के लिए पर्स खोला और उसमें रखी नकदी गायब मिली।
शोरूम प्रबंधन द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर एक संदिग्ध महिला की गतिविधियां सामने आईं। फुटेज में उसका चेहरा स्पष्ट दिखाई देने की बात कही जा रही है, जिसके आधार पर उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना की सूचना पर पीड़िता ने जुन्नारदेव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के बाजार और अन्य प्रतिष्ठानों के कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना के बाद बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और ग्राहकों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने पर्स, मोबाइल और नकदी जैसी कीमती वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित