मुंबई , मई 11 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोगों से सोने की खरीद कम करने और अनावश्यक विदेश यात्रा से बचने की अपील के बाद सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में ज्वेलर्स कंपनियों और विमान सेवा कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही।
खास बात यह रही कि बीएसई तथा सेंसेक्स दोनों में सबसे ज्यादा नुकसान ज्वेलर्स कंपनियों ने ही उठाया। बीएसई में कल्याण ज्वेलर्स का शेयर सबसे अधिक टूटा। उसका शेयर 39.20 रुपये (9.23 प्रतिशत) गिरकर 385.45 रुपये पर बंद हुआ। यह पिछले कारोबारी दिवस पर 424.65 रुपये पर रहा था। आज यह ऊपर 410 रुपये और नीचे 382.20 रुपये तक गया।
तनिष्क ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली टाटा समूह की कंपनी टाइटन ने सेंसेक्स में सबसे अधिक 6.83 प्रतिशत का नुकसान उठाया। उसका शेयर 308.05 रुपये टूटकर 4,205.35 अंक पर बंद हुआ। बीच कारोबार में टाइटन का शेयर ऊपर 4,377.05 अंक पर और नीचे 4,151.40 अंक तक गया। पिछले सप्ताह यह 4,513.40 अंक पर बंद हुआ था।
बीएसई में सूचीबद्ध अन्य ज्वेलर्स कंपनियों में पीसी ज्वेलर्स का शेयर भी 4.94 प्रतिशत गिरकर 9.04 रुपये रह गया। एट्लस ज्वेलरी इंडिया का शेयर 4.92 प्रतिशत, पातदियम ज्वेलरी का 1.50 प्रतिशत और उदय ज्वेलरी का 1.99 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित