प्रयागराज , जून 17 -- उत्तर प्रदेश की चर्चित पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य के पति एवं पंचायती राज विभाग में कार्यरत सफाईकर्मी आलोक कुमार मौर्य ने सोशल मीडिया पर फर्जी और आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने के आरोप में प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
आलोक कुमार मौर्य ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह समाजसेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं और विभिन्न सामाजिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ अज्ञात व्यक्ति उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप समूहों और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया मंचों पर एडिट की गई भ्रामक एवं आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, इन तस्वीरों और पोस्टों के माध्यम से उनकी छवि को धूमिल करने तथा समाज में उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आलोक मौर्य का कहना है कि वर्तमान में उनकी पहचान एक समाजसेवी तथा स्वच्छ भारत अभियान से जुड़े कार्यकर्ता के रूप में है और वह युवाओं को जोड़कर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए जागरूकता अभियान भी चला रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को उनकी सामाजिक सक्रियता पसंद नहीं है, जिसके कारण उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। आलोक मौर्य ने इस प्रकार के दुष्प्रचार को आपत्तिजनक एवं दंडनीय अपराध बताते हुए दोषी व्यक्तियों और संगठनों की पहचान कर उनके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, कर्नलगंज थाना में 14 जून को इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। साइबर एवं अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि आलोक कुमार मौर्य प्रतापगढ़ जिले में पंचायती राज विभाग में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत हैं। वह अपनी पत्नी, पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य, के साथ पारिवारिक विवाद के कारण राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे। दोनों के बीच विवाद से संबंधित मामला वर्तमान में न्यायालय में मध्यस्थता (मीडिएशन) की प्रक्रिया में विचाराधीन है।
हाल के समय में आलोक मौर्य कौशांबी जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय दिखाई देते रहे हैं। उन्होंने कुछ समय पूर्व राजनीति में आने की इच्छा भी व्यक्त की थी। हालांकि वर्तमान में वह सरकारी सेवा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित