चमोली, अक्टूबर, 13 -- उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती चिंता का विषय बनी हुई हैं। ताजा मामला चमोली जिले के ज्योतिर्मठ नगर के सिंहधार वार्ड से सामने आया है, जहां मंगलवार तड़के एक भालू ने एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब तीन बजे भालू परिवार की गोशाला में घुस गया और वहां मौजूद गाय पर हमला कर दिया। गाय को बचाने के लिए परिवार के सदस्य आगे आए तो भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में चार लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित