जौनपुर , अप्रैल 11 -- अपना दल (एस) के राष्ट्रीय सचिव पप्पू माली ने शनिवार को कहा कि लगभग 200 वर्ष पूर्व जब देश में सामाजिक विषमताएं, छुआछूत और मायूसी का माहौल था, उस समय एक साधारण माली परिवार में जन्मे ज्योतिबाफुले ने समाज सुधार की एसी गाथा लिखी, जो आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

पार्टी जिला कार्यालय वाजिदपुर में शनिवार को महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा राव फुले की 201वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और उनके विचारों व योगदान पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव पप्पू माली ने फुले जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने शिक्षा के प्रसार, महिलाओं को अधिकार दिलाने, सती प्रथा व बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के विरोध तथा गरीबों को उच्च शिक्षा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके प्रयासों से समाज में समानता, जागरूकता और सामाजिक भागीदारी की नई दिशा मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित