नयी दिल्ली , नवंबर 01 -- तेलंगाना की पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री दनासारी अनुसूया सीतक्का ने आज केंद्र सरकार से मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर लगे आरोपों पर पारदर्शिता बरतने का आह्वान किया और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए आयोजित विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देशों पर तेलंगाना से हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि वोट देने का अधिकार एक संवैधानिक गारंटी है और उन्होंने हर नागरिक से इसकी रक्षा करने की अपील की। मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगे आरोपों पर केंद्र सरकार के रुख पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि यदि इस मामले से भाजपा का कोई संबंध नहीं है, तो निष्पक्ष जांच का समर्थन क्यों नहीं किया जा रहा है।

सुश्री सीतक्का ने सेवानिवृत्ति के बाद भी चुनाव आयुक्तों को जांच से सुरक्षा प्रदान करने वाले संशोधन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इससे जवाबदेही कमजोर हुई है।

इससे पहले, सुश्री सीतक्का ने मुुलुगू जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पदाकुला अशोक और मुलुगू के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर शक्ति स्थल जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और वोट देने के संवैधानिक अधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित