जौनपुर , अक्टूबर 07 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने बुधवार को कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा वोट चोरी का अपराध अक्षम्य है।

उन्होने कहा कि श्री कुमार के विरुद्ध वोट चोरी, मतदाता सूची से करोड़ों मतदाताओं के नाम काटे जाने तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर किए जाने के आरोपों को लेकर सपा ने बुधवार को यहां विशाल मार्च एवं प्रदर्शन किया । "वोट बचाओ-संविधान बचाओ", "लोकतंत्र की हत्या बंद करो", "पूरे देश का एकमत-सीईओ दे इस्तीफा", "वोट चोर-गद्दी छोड़", "ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" तथा "ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो" जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। मार्च में समाजवादी पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के नेता-कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता एवं समर्थकों का हुजूम शामिल रहा। मार्च कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर धरना-सभा में परिवर्तित हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित