यमुनानगर , सितंबर 29 -- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने मंगलवार को बिलासपुर कस्बे में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं, महिलाओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया।

प्रदर्शन की शुरुआत शिव चौक से हुई। यहां आयोजित सभा को भाकपा के जिला सचिव हरभजन सिंह संधू, नीरज कुमार, विजयपाल सिंह, गुरुभजन सिंह मझैल, विपिन बराड़ और रामकरण सिंह शर्मा ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने श्री कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि देश में चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने देश और हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर चल रही प्रक्रिया को बंद करने तथा मतदाता सूचियों में कथित फर्जीवाड़े को समाप्त करने की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। मतदाता सूची के संशोधन के नाम पर किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सभा के बाद भाकपा कार्यकर्ताओं ने शिव चौक से बाजार के विभिन्न हिस्सों से होते हुए विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए वापस शिव चौक पहुंचे, जहां प्रदर्शन का समापन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित