रामपुर , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान द्वारा स्थापित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर बुधवार को छात्र नेताओं और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से विश्वविद्यालय गेट पर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उत्तराखंड से आए छात्रसंघ प्रतिनिधि विश्वविद्यालय के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान विश्वविद्यालय गेट पर उनकी समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमेंद्र सिंह चौहान समेत अन्य लोगों से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। हालांकि मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ने से बच गई।

उत्तराखंड छात्रसंघ के उपाध्यक्ष नाजिश मंसूरी ने आरोप लगाया कि वे विश्वविद्यालय के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन करने आए थे, लेकिन उन्हें जबरन रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें आतंकवादी तक कहा गया, जबकि उनका उद्देश्य केवल शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना था।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर आजम खान के प्रतिनिधि एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमेंद्र सिंह चौहान ने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। घटना के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और स्थिति बाद में सामान्य हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित