जौनपुर , सितंबर 03 -- जौनपुरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को रेल मंत्रालय ने मंजूरी देते हुए जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22419/22420 गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनल सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति प्रदान की है।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने इस निर्णय के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव से जिले और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली, पूर्वांचल तथा अन्य प्रमुख शहरों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और अन्य यात्रियों को विशेष लाभ होगा। इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अधिक सुविधाजनक रेल विकल्प उपलब्ध होगा।
श्री यादव ने कहा कि जौनपुर में विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। रेलवे सुविधाओं के विस्तार से यात्रियों की परेशानी कम होने के साथ ही क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
राज्यमंत्री ने कहा कि रेल मंत्रालय ने जौनपुर की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव जिले के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से भविष्य में भी प्रयास जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित