जौनपुर , जून 23 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की सोमवार को हुई बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए व्यापक और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 से 21 जून 2026 तक जिले में 379 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 224 लोगों की मौत तथा 247 लोग घायल हुए हैं। इन आंकड़ों पर जिलाधिकारी ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए बताया गया कि हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, ओवरस्पीडिंग, मोबाइल फोन का प्रयोग करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ हजारों चालान किए गए हैं और 254 वाहनों को सीज भी किया गया है।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को वर्षा ऋतु से पहले सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के सामने टेबल टॉप स्पीड ब्रेकर बनाने तथा ज़ेब्रा क्रॉसिंग और आवश्यक रोड मार्किंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना फिटनेस वाले वाहनों के संचालन पर पूर्ण रोक लगाने और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा।

नगर क्षेत्र में पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन, सड़कों एवं फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने तबेला संचालकों को पशुओं को बांधकर रखने की चेतावनी देते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा से जुड़े सेमिनार आयोजित करने तथा विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के वाहन चलाते पाए जाने पर उनके अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी दी जाए। साथ ही परिवहन विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-1800-151 के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण, विद्युत विभाग, नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित