जौनपुर , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में 37 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 31 मई को बीएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए तथा पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरे, बैठने की व्यवस्था समेत सभी आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जनपद में 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर कुल 17,144 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने तथा सभी व्यवस्थाओं का समय-समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, केंद्राध्यक्ष विवेक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित