जौनपुर , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में बुधवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन सम्पन्न कराने के दृष्टिगत बैठक संपन्न हुई। जिले में 32 परीक्षा केदो पर कल 87696 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 की लिखित परीक्षा 25 एवं 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर, 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रत्येक निर्धारित दिवस में दो पालियों में सम्पन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु जनपद में कुल 32 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिन पर 32 केंद्र व्यवस्थापक एवं 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जनपद में कुल 87,696 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
जिलाधिकारी ने परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें तथा परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही, अधिशासी अधिकारी को शेल्टर होम क्रियाशील रखने तथा वहां सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। होटल संचालकों को भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों से न्यूनतम दरों पर उचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा की शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को शांति पूर्वक, नकल विहीन और पारदर्शी तरीक़े से संपन्न कराया जाएगा ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित