जौनपुर , सितम्बर 28 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में जबरन वसूली और लूट के मामलों में सुरेरी के तत्कालीन थानाध्यक्ष और 25 हजार रुपये के इनामी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश सिंह ने सोमवार को पुलिस को चकमा देकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। वहीं जलालपुर प्रकरण में नामजद दो आरोपित भी पुलिस की कार्रवाई के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले के सुरेरी थाने में 22 सितंबर को दर्ज मुकदमे में बड़ागांव, कमिश्नरेट वाराणसी निवासी राजेंद्र दूबे को नामजद किया गया है। मुकदमे में सादे कपड़ों में मौजूद बताए गए तीन-चार अज्ञात पुलिसकर्मियों तथा खाते में रकम मंगाने वाले वंशनरायन गिरी को भी आरोपित बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने आरोप लगाया कि 13 सितंबर को राजेंद्र दूबे ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। वहां सादे कपड़ों में मौजूद तीन-चार लोगों ने कथित तौर पर खुद को पुलिसकर्मी बताया और उसे वाहन में बैठाकर ले गए। आरोप है कि इसके बाद करीब 1.65 लाख रुपये की वसूली की गई और यूपीआई के जरिए रकम वंशनरायन गिरी के खाते में स्थानांतरित कराई गई। जांच में पुलिसकर्मियों की कथित भूमिका सामने आने के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह को निलंबित किया गया। बाद में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने आरोपी उपनिरीक्षक समेत दो आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। पुलिस की लगातार दबिशों के बीच दिव्य प्रकाश सिंह ने गिरफ्तारी से पहले ही न्यायालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

दूसरा मामला जलालपुर थाने से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को मुकदमा संख्या 416/2026 दर्ज किया गया था। इसमें संकीत सिंह, विकास और चार अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। शिकायत के मुताबिक, 15 सितंबर को संकीत सिंह पीड़ित को अपने साथ ले गया था। आरोप है कि चार पहिया वाहन में पहले से मौजूद चार लोगों ने पीड़ित को जबरन वाहन में बैठाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए रुपये की मांग की। आरोप के अनुसार पीड़ित का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग खातों में करीब 2.15 लाख रुपये स्थानांतरित कराए गए। एटीएम से रुपये निकाले जाने का भी आरोप लगाया गया है। दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र ने 22 सितंबर को पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम गठित की थी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चल रही जांच का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित