जौनपुर , जून 26 -- उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन के लिए जौनपुर जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन दो एवं तीन जुलाई को दो-दो पालियों में तथा चार जुलाई को प्रथम पाली में किया जाएगा। जनपद में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पांच आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा आठ आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने केंद्राध्यक्षों के दायित्वों की विस्तार से जानकारी देते हुए निर्देश दिया कि आयोग द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना केंद्राध्यक्षों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, सभी उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, पुलिस विभाग के अधिकारी, केंद्राध्यक्ष तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित