जौनपुर, 20 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में आठ जून से शुरु होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा 21 केंद्रो पर कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच संपन्न होगी।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार की देर शाम को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराए जाने के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में परीक्षा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून को प्रत्येक दिवस दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के लिये जनपद में कुल 21 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु 21 केन्द्र व्यवस्थापक, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 10 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 07 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। जनपद में प्रत्येक पाली की परीक्षा के दौरान 9216 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित