जौनपुर , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने 'समग्र अभियान' के तहत जिले के सभी थानों की कार्रवाई और प्रगति की थानावार समीक्षा की। उन्होंने वांछित अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ ही गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, माफिया चिन्हांकन और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि समीक्षा के दौरान एसएसपी ने घोषित अपराधियों, गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) वाले आरोपियों, स्थायी वारंटियों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने लंबित एवं अनावरण के लिए शेष घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने, अपहृत व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी तथा लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पात्र अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने, गैंग पंजीकरण और माफिया चिन्हांकन की प्रक्रिया तेज करने तथा गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनएसए के तहत आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

एसएसपी ने आपराधिक इतिहास वाले शस्त्र लाइसेंसधारकों के लाइसेंस निरस्त कराने और दुर्दांत अपराधियों की जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को 'समग्र अभियान' के निर्धारित सभी बिंदुओं पर शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित