जौनपुर , अक्टूबर 07 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बदलापुर कोतवाली में एक होमगार्ड प्लाटून कमांडर धर्मेंद्र कुमार शर्मा पर एक महिला ने दुष्कर्म और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को धर्मेंद्र के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार महिला का आरोप है कि धर्मेंद्र उसके घर के पास रहता है। उसने करीब आठ साल तक शादी और परिवार की मदद के नाम पर झूठे वादे कर उसके साथ संबंध बनाए। आरोपी ने मकान बनवाने और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने का भरोसा भी दिया था। महिला के मुताबिक जब उसके पति को आरोपी के साथ संबंधों की जानकारी हुई तो उन्होंने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया। इसके बाद महिला ने धर्मेंद्र से मिलना बंद कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद धर्मेंद्र ने महिला, उसके पति और परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने धर्मेंद्र शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब महिला के लगाए आरोपों और पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस मामले में महिला के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित