जौनपुर , अक्टूबर 18 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में सिंगरामऊ पुलिस ने हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने और चालकों को धमकाकर तेल निकालने के मामले में रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस के साथ ही स्कॉर्पियो बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुल्तानपुर जिले के बंधुआकला थाना क्षेत्र के ककरहिया निवासी सचिन यादव पुत्र पारसनाथ यादव के रूप में हुई है। उसके कब्जे से डीजल, .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की गई है।
शनिवार रात सिंगरामऊ पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान मुखबिर से हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों की मौजूदगी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से स्कॉर्पियो चढ़ाने का प्रयास भी किया।
इस सम्बंध में 15 अक्टूबर की घटना भी सामने आई है। इटावा निवासी ट्रक चालक मनीष कुमार ने सिंगरामऊ थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि जौनपुर हाईवे पर चार अज्ञात लोगों ने हाथ देकर उसका ट्रक रुकवाया और तेल नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। चालक के अनुसार, भयवश उसने ट्रक की टंकी से करीब 120 लीटर डीजल निकालकर आरोपियों को दे दिया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 140/2026 में बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
इसके अलावा, ट्रक चालक से डीजल लेने के मामले में दर्ज मुकदमा संख्या 139/2026 में भी आरोपी का नाम सामने आया है। आरोपी के विरुद्ध सुल्तानपुर जिले के विभिन्न थानों में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक तारकेश्वरनाथ दूबे, उपनिरीक्षक लच्छीराम राजभर सहित थाना सिंगरामऊ के पुलिसकर्मी शामिल रहे। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित