जौनपुर , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कोतवाली क्षेत्र के नगर पालिका परिषद में लेखाकार श्रेणी-2 के खिलाफ सर्विस बुक के अभिलेखों में कथित कूटरचना और फेरबदल कर सेवा जारी रखने के आरोप मंगलवार को में थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी धर्मराज राम द्वारा नामित प्रवर लेखाकार व लेखा लिपिक मनोज कुमार चौरसिया की तहरीर पर लेखाकार संजय कुमार जैन के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि लेखाकार श्रेणी-2 संजय कुमार जैन ने जन्मतिथि से संबंधित अभिलेखों में भ्रामक जानकारी देकर अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया।

तहरीर के अनुसार, सेवा पुस्तिका और मानव संपदा पोर्टल पर जन्मतिथि 15 अप्रैल 1964 दर्ज है, जबकि आधार कार्ड और पैन कार्ड में जन्मतिथि 15 अप्रैल 1966 अंकित है। शिकायत में कहा गया है कि सेवा पुस्तिका के अनुसार उनकी अधिवर्षिता 30 अप्रैल 2024 को पूरी हो चुकी थी, इसके बावजूद उन्होंने वेतन प्राप्त करने का प्रयास किया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 319(2), 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी सिपाह आलोक त्रिपाठी को सौंपी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित