जौनपुर , मई 15 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के लाइनबाजार थाना क्षेत्र में सई नदी में नहाते समय डूबने से दो युवकों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जफराबाद थाना क्षेत्र के बैजाबाद गांव के लगभग एक दर्जन युवक शुक्रवार दोपहर सलखापुर गांव के पास सई नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ गए युवकों ने काफी देर तक खोजबीन की, जिसके बाद दोनों युवक नदी के पानी में बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तत्काल बाइक से जिला चिकित्सालय ले जाया गया।

जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने राजन चौहान (23) तथा रवि चौहान (25) की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित