जौनपुर , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में शुभम शुक्ला की रविवार को चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने पांच आरोपियों को रसुलहा भीटा के पास से गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को शुभम शुक्ला और मंगरमू गांव निवासी विकास यादव के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में विकास ने अपने साथियों सौरभ उर्फ चंदर यादव (बाल अपचारी) निवासी मंगरमू, सुमित उर्फ छोटू, सचिन पटेल निवासी रसुलहा और अनुज पटेल निवासी पुरईपुर को साथ लेकर रविवार को गांव के बगीचे में शुभम को बुलाया।

बताया गया कि वहां सभी ने मिलकर शुभम पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने के बाद वह गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में शुभम कुछ दूरी तक चला, लेकिन सड़क किनारे गिर गया। उधर से गुजर रहे एक ग्रामीण ने उसे लहूलुहान अवस्था में देखकर परिजनों को सूचना दी। परिजन पुलिस को सूचना देते हुए उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता राजेश शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर रात में दबिश देकर विकास यादव, सौरभ यादव (बाल अपचारी), अनुज पटेल, सचिन पटेल और सुमित उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान न्यायालय भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित