जौनपुर , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शनिवार को शिया मुस्लिम समुदाय ने ईद-उल-फितर की नमाज़ अकीदत और एहतराम के साथ अदा की, हालांकि इस वर्ष त्योहार सादगी और ग़म के माहौल में मनाया गया।

शहर के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाज़ियों ने एकत्र होकर नमाज़ अदा की। हुसैनिया नकी फाटक में आयोजित नमाज़ की इमामत मौलाना सफ़दर हुसैन ज़ैदी ने की। नमाज़ से पूर्व दिए गए खुतबे में उन्होंने देश और दुनिया में अमन, शांति और भाईचारे के लिए दुआ कराई।

मौलाना ज़ैदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह ईद सामान्य परिस्थितियों वाली नहीं, बल्कि ग़म और सब्र का पैगाम देने वाली ईद है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस बार त्योहार सादगी, संयम और आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाए। नमाज़ के दौरान कई लोगों ने काली पट्टी और काले वस्त्र पहनकर एकजुटता और शोक व्यक्त किया। चेहरों पर खुशी के साथ मायूसी भी साफ झलक रही थी। मौलाना ने अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लोग तथा बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित