जौनपुर , अक्टूबर 09 -- शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां दुर्गा की उपासना का पर्व शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 11 अक्टूबर से शुरू होगा ।

इसके साथ ही जौनपुर नगर सहित पूरे जिले में दो हजार की संख्या में बनाए गए अस्थाई पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर दुर्गा पूजा भी शुरू कर दी जाएगी। श्री दुर्गा पूजा महा समिति के अध्यक्ष मनीष देव "मंगल" ने बताया कि शारदीय नवरात्र को लेकर रविवार की सुबह होते ही लोग पूजा की तैयारी में लग जाएंगे। इस व्रत को करने वाले लोगों ने घर की साफ-सफाई पूरी करने के बाद कलश स्थापना करेंगे, इसके साथ ही मां दुर्गा के नौ रूपों की उपासना का नौ दिवसीय अनुष्ठान भी शुरू हो जाएगा।

मान्यता है कि मां भवानी नवरात्रि के नौ दिन पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और अपने भक्तों के कष्टों को दूर करती हैं, इस बार शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आई है और विदाई के वक्त भी हाथी पर सवार होकर वापस चली जाएगी, यह बहुत ही शुभ माना जाता है। जौनपुर नगर सहित पूरे जिले में घरों और मंदिरों में पूजा-पाठ एवं दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरु हो जाएगा। अपने पहले स्वरूप में मां 'शैलपुत्री' के नाम से जानी जाती हैं।

जौनपुर नगर में श्री दुर्गा पूजा महासमिति के तत्वावधान में नगर सहित पूरे जिले में लगभग 2200 अस्थाई पूजा पण्डालों का निर्माण कर मां दुर्गा की पूजा प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा की जायेगी , जहां पर भक्तों की भीड़ होती है। रात में जौनपुर नगर को देखने से ऐसा लगता है कि दुर्गा पूजा के लिए कोलकाता ही उठकर जौनपुर चला आया है। पूरी भव्यता के साथ पंडालों की सजावट की गई है और सभी पूजा पंडालों पर ध्वनि विस्तार यन्त्रों से देवी गीत बजाए जाते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने सभी पूजा पंडालों के आसपास भारी संख्या में पुलिस की व्यवस्था की है। रात के वक्त उन्होंने सादे वर्दी में महिला और पुलिस पुलिस वालों की ड्यूटी लगाई है ताकि अवांछनीय तत्वों पर पूरी तरह नजर रखी जा सके।

इसी तरह जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने भी दुर्गा पूजा को एवं शारदीय नवरात्र को देखते हुए पूरे शहर की सफाई व्यवस्था को सुचार रूप से करने का निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को दिया है। जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वह निश्चित करें कि शाम से लेकर देर रात तक जौनपुर नगर सहित पूरे जिले में कहीं भी बिजली की आपूर्ति बाधित न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित