जौनपुर , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के सिंगरामऊ बाजार में रविवार की रात शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब संगीत कार्यक्रम के दौरान पड़ोसी से हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में घायल हुई 32 वर्षीय महिला की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गुंजन खरवार (32) के रूप में हुई है। वह शिव आसरे खरवार उर्फ मुन्नीलाल की पुत्री थीं। परिवार में एक जुलाई को उनकी बहन की शादी होनी थी, जिसके कारण घर में संगीत और नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। बताया जा रहा है कि संगीत कार्यक्रम के दौरान पड़ोसी ने तेज आवाज को लेकर आपत्ति जताई। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष की ओर से ईंट-पत्थर फेंके गए, जिनमें से एक ईंट गुंजन के सिर में जा लगी। गंभीर रूप से घायल गुंजन को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया लेकिन ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां प्रमिला देवी की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित