जौनपुर , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के कालीकुत्ती परमानतपुर मोहल्ले में एक व्यक्ति पर अपनी 14 वर्षीय पुत्री की पिटाई कर फंदे से लटकाने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना 15 अगस्त की रात की है। कालीकुत्ती परमानतपुर निवासी अखिलेश कुमार बिंद पर आरोप है कि उसने नशे की हालत में पहले अपनी पत्नी सुनीता बिंद के साथ मारपीट की। भयवश पत्नी पड़ोस में जाकर छिप गई, जबकि अन्य बच्चे भी घर से निकल गए। इस दौरान उसकी 14 वर्षीय पुत्री चंदा घर में रह गई।
आरोप है कि व्यक्ति ने चंदा की बेरहमी से पिटाई की और बाद में साड़ी का फंदा बनाकर उसे घर में लगे पंखे की कुंडी से लटका दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किशोरी को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए।
परिजन बाद में उसे कलीचाबाद चौराहे के पास स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा था। सोमवार को हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मृतका के ननिहाल पक्ष के लोगों ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनीता सिंह ने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित