जौनपुर , अक्टूबर 14 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज नवाबाद गांव में एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर, ननद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि जलालपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण की पुत्री शशिबाला की शादी कुछ वर्ष पूर्व हौज नवाबाद गांव निवासी दुर्गेश पुत्र राजपत के साथ हुई थी। दंपती का दो वर्षीय बेटा भी है। मृतका के पिता लक्ष्मी नारायण का आरोप है कि उन्होंने शादी में एक लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और गृहस्थी का अन्य सामान दहेज में दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे और लगातार बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर शशिबाला को जा"न से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
लक्ष्मी नारायण के मुताबिक, मंगलवार की रात उन्हें फोन कर समधी ने शशिबाला के आत्महत्या करने की जानकारी दी। खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल शशिबाला के ससुराल पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर, ननद और कुछ रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित