जौनपुर , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में खुटहन थाना क्षेत्र के पनौली गांव में सोमवार को एक नव निर्मित मकान में 48 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। महिला के सिर के आगे और पीछे किसी ठोस वस्तु से प्रहार किए जाने की बात सामने आई है। स्वजनों ने हत्या के बाद सोने की चेन, कान की बालियां और पैर की पायल गायब होने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान गुड़िया (48) पत्नी मुख्तार अहमद के रूप में हुई है। स्वजनों ने बताया कि गुड़िया सोमवार को घर से यह कहकर निकली थी कि नए मकान का दरवाजा ठीक कराने के लिए बढ़ई को बुलाया गया है।
दोपहर करीब ढाई बजे उसकी दोनों बेटियां स्कूल से घर लौटीं तो उन्होंने कमरे में तख्त पर अपनी मां का शव पड़ा देखा। शव सीधा पड़ा था और सिर से खून बह रहा था। बेटियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मकान में महिला का शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
स्वजन गांव के ही एक बढ़ई पर हत्या का संदेह जता रहे हैं। हालांकि, परिवार ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित