जौनपुर , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र में जन सेवा केन्द्र संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, अवैध असलहा, कारतूस, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि जफराबाद थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला अपनी टीम के साथ कबूलपुर पुलिया पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्वाट प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय और गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव भी वहां पहुंच गए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बेलाव पुल के पास घेराबंदी की, जहां मोटरसाइकिल से आ रहे तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे और मोटरसाइकिल गिरने के बाद बगीचे की ओर भाग गए।
पुलिस के ललकारने पर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गोली लग गई, जबकि थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को घायल अवस्था में पकड़ लिया।
पुलिस ने आदर्श यादव उर्फ अलगू, अमन यादव और दिवाकर कुमार को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पिस्टल, तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और लूट की रकम बरामद की गई। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित