जौनपुर , सितम्बर 01 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में खुटहन थाना क्षेत्र के मुजक्कीपुर गांव में तीन दिनों से लापता युवक का शव मंगलवार को घर से कुछ दूरी पर मिलने से सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान दीपक विश्वकर्मा (30) पुत्र सुरेंद्र विश्वकर्मा के रूप में हुई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दीपक फर्नीचर का काम करता था। परिजनों के अनुसार वह 30 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे घर से निकला जिसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए पोस्टर भी लगवाये थे। मंगलवार को घर से कुछ दूरी पर दीपक का शव पड़ा होने की जानकारी ग्रामीणों को हुई।

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित