जौनपुर , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के प्रयागराज-मुंगराबादशाहपुर हाईवे पर कोदहूं गांव के पास शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में रोडवेज बस के चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिविल लाइन्स डिपो की बस करीब 35 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा जा रही थी। सुबह लगभग 5:30 बजे कोदहूं के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगराबादशाहपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। एक घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे में बस चालक सतीश गुप्ता (45), निवासी बनुआडीह थाना शाहगंज, की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
घायलों में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार यादव और नीरज बिंद शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित