जौनपुर , सितम्बर 25 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बक्शा थाना क्षेत्र के वाराणसी -लखनऊ नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक बैंक मैनेजर ने गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
कार के अंदर बैंक मैनेजर गोली लगने से गंभीर अवस्था में लहूलुहान थे। पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के दुर्गेश श्रीवास्तव (35 ) लखनऊ के मूल निवासी थे और जौनपुर में वन विहार के पास किराए का मकान लेकर अपनी पत्नी के साथ रहते थे। वह यूनियन बैंक आफ इंडिया के जौनपुर जिले में सुजानगंज के पास सराय पड़री शाखा के प्रबंधक थे। गुरुवार को अपनी कार से बदलापुर से जौनपुर की ओर आ रहे थे कि बक्शा थाना क्षेत्र में हाईवे के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पुलिस तक पहुंची तो टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कार के अंदर बैंक मैनेजर गंभीर हालत में लहूलुहान मिले। वाहन का दरवाजा खोलने में परेशानी होने पर पुलिसकर्मियों ने शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जानकारी के अनुसार बैंक मैनेजर को गोली लगी थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कार के अंदर घटनाक्रम किस तरह हुआ और वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का उससे क्या संबंध था।घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस ने कार को भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। घटनास्थल की स्थिति और वाहन के भीतर मौजूद वस्तुओं की जांच से घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि कार से एक सुसाइड नोट और असलहा बरामद हुआ है।हालांकि, सुसाइड नोट की पूरी सामग्री अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच करने के साथ यह भी देखेगी कि उसमें दर्ज जानकारी घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों से मेल खाती है या नहीं। असलहा लाइसेंसी है या अवैध अभी ये भी स्पष्ट नहीं हो सका है।
मृतक लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में स्थित किरन इनक्लेव, कुर्सी रोड के निवासी थे। उनकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है।दुर्गेश श्रीवास्तव यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सुजानगंज-सरायपंडरी शाखा में बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत बताए जा रहे थे। उनका जौनपुर में वर्तमान पता भी बताया गया है।परिवार के संबंध में सामने आई जानकारी के अनुसार उनकी दो बेटियां हैं, जो लखनऊ में रहती हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में भी शोक का माहौल है। उनकी पत्नी रचना श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्गेश एक सप्ताह से बहुत तनाव में रहते थे। फॉरेंसिक टीम ने सुसाइड और असलहे को कब्जे में ले लिया है। बैंक मैनेजर के शव का आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित