जौनपुर , सितम्बर 11 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक युवक की लोहे की सरिया से हमला कर हत्या कर दिए जाने से सनसनी फैल गई। लोगों ने शव को जौनपुर मिर्जापुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक विशाल यादव (28) , निवासी तिवारीपुर, थाना लाइन बाजार का रामदयालगंज बाजार निवासी एक व्यक्ति से पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते युवक पर लोहे की सरिया से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने युवक का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों और हत्या में शामिल लोगों के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित