जौनपुर , जून 22 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के मई चौराहे पर सोमवार को घात लगाकर बैठे हमलावरों ने युवक की पीट पीट कर हत्या कर दी। युवक अपनी बाइक की सर्विसिंग करा कर घर जा रहा था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी नीरज सिंह का 22 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार सिंह सोमवार की सुबह अपने घर से अपनी बाइक की सर्विसिंग कराने के लिए बाजार गया हुआ था। बाइक की सर्विसिंग कराकर लगभग ढाई बजेउसी बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में घात लगाकर सड़क के किनारे बैठे लोगों ने रोक कर सुमित पर प्राण घातक हमला कर दिया।
काफी देर तक घायल अवस्था में सड़क के किनारे पड़े युवक को गांव के एक लड़के ने बक्सा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने सुमित को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह सहयोगी जवानों के साथ मौके पर पहुंच गए और कुछ लोगों को हिरासत पर लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित