जौनपुर , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के राजापुर सहावे गांव में बुधवार को मिट्टी की दीवार ढह जाने से मलबे में दबकर मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी ने भागकर अपनी जान बचा ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार राजापुर सहावे गांव निवासी बिंदु राजभर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बुधवार दोपहर वह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान रिहायशी छप्पर की मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी पत्नी ज्ञानती देवी (46) और 12 वर्षीय पुत्री अंबिका मलबे में दब गईं। अंबिका गांव के विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी। बताया गया कि दीवार गिरने के समय अंबिका की बहन कोमल भी पास में मौजूद थी, लेकिन वह समय रहते वहां से भाग निकली, जिससे उसकी जान बच गई।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर मां-बेटी को बाहर निकाला और उपचार के लिए राजकीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित