जौनपुर , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम मां के साथ ई रिक्शा से दवा लेने जा रही किशोरी ने शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुलर घाट निवासी सैय्यद हसनैन की पुत्री गुड़िया (17) अपनी मां शर्मिला के साथ दवा लेने के लिए ई रिक्शा से जा रही थी, जब ई रिक्शा शाही पुल से गुजर रहा था उसी समय अचानक गुड़िया ने ई रिक्शा रूकवा लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक उसने गोमती नदी में नकाब पहने हुए छलांग लगा दिया।
बेटी के गोमती में छलांग लगाने के बाद मां वहीं सिर पटक पटक विलाप करने लगी। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक गुड़िया नदी की तेज धार में गुम हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनीता सिंह, चौकी प्रभारी सरायपोख्ता राहुल रंजन सहयोगी जवानों के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस के गोताखोरों नदी में किशोरी की तलाश कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित