जौनपुर , अगस्त 07 -- श्रावण मास के पावन अवसर पर शुक्रवार को बोल बम काँवरिया संघ, जौनपुर के नेतृत्व में शुक्रवार को भगवान शिव की भव्य कांवड़ शोभायात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। नगर की सड़कों पर "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शोभायात्रा का शुभारंभ हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर से हुआ, जहां बोल बम काँवरिया संघ के संरक्षक संतोष सेठ एवं महासचिव विमल सिंह ने विधिवत पूजन-अर्चन और नारियल फोड़कर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद चेयरमैन प्रतिनिधि राम सूरत मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।।शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, डीजे, भगवान शिव की आकर्षक झांकियां तथा 12 ज्योतिर्लिंग की भव्य प्रस्तुति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आई धार्मिक झांकियों ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। यह शोभायात्रा सद्भावना पुल, कजगांव पड़ाव, ओलंदगंज, शाही पुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, सब्जी मंडी और सुतहट्टी बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर भंडारी स्टेशन पहुंची। यहां से दोपहर करीब 12:30 बजे फरक्का एक्सप्रेस से कांवड़ियों को जलाभिषेक के लिए रवाना किया गया।
यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। महिलाओं ने अपने घरों से फूल बरसाकर कांवड़ियों का अभिनंदन किया। वहीं समाजसेवी संस्थाओं के साथ-साथ पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद की ओर से पेयजल और जलपान की विशेष व्यवस्था की गई।
बोल बम काँवरिया संघ के अध्यक्ष सुधीर साहू ने कहा कि श्रावण मास में संपूर्ण भारत भगवान शिव की भक्ति में सराबोर रहता है। भगवान शिव जनकल्याण के देवता हैं और उनकी आराधना से राष्ट्र, समाज तथा मानवता का कल्याण होता है।
शोभायात्रा में संरक्षक अशोक सेठ, अजय साहू, गौतम सोनी, श्रवण कुमार चौरसिया, सुभाष गर्ग, संजय मोदनवाल, अजय सेठ, संजय जायसवाल, अशोक मोदनवाल, राजन बम, उदय सेठ, कृष्णा सेठ, अनिल गुप्ता, विजय मास्टर, संजीव चौरसिया, मक्खन मास्टर, आशीष बोस, मनीष सेठ, आशीष सेठ, महेश सेठ, मनोज माहेश्वरी, सौरभ सेठ, शैलेन्द्र सेठ, लाला तार वाले, संदीप अग्रहरि, रंजीत अग्रहरि, पप्पू अग्रहरि, सुमित बम नेपाली, अनिल औजार वाले, रामू मोदनवाल, संजय साहू सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर संघ के अध्यक्ष सुधीर साहू एवं महासचिव विमल सिंह ने शोभायात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं, समाजसेवी संस्थाओं, पुलिस प्रशासन तथा नगर पालिका परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित