जौनपुर , जुलाई 02 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र में गुरुवार को बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मढ़ी गांव निवासी पवन यादव (21) घर से कुछ दूरी पर खेत देखने जा रहे थे। इस दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उन पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, पवन तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और अपने पिता के साथ खेती-किसानी का कार्य करते थे।

घटना के समय पन्नालाल यादव, निवासी मढ़ी-बड़खरा, भी पवन के साथ मौजूद थे। वह भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें क्षेत्र के निजी आयुष्मान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। वहीं, लोकापट्टी निवासी शिवलाल राजभर (52), पुत्र घुरहू, अपनी भैंस को पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान वह भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें भी आयुष्मान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत पहले से बेहतर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित