जौनपुर , जून 13 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बजाज कंपनी के नाम पर लोन, इन्वेस्टमेंट, टूर एंड ट्रैवल्स तथा इंश्योरेंस पैकेज दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी महेशपाल सिंह ने साइबर क्राइम पोर्टल, समन्वय पोर्टल, प्रतिबिंब पोर्टल तथा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से मामले की जांच की।

जांच के दौरान सामने आया कि एक संगठित गिरोह फर्जी वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को बजाज कंपनी से लोन, निवेश और विभिन्न पैकेज उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी कर रहा था। पुलिस ने 12 जून की रात सुखलालगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरोह के मुख्य सरगना शुभम सिंह पुत्र अनिल सिंह, निवासी पपरावन, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम थाना जौनपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होने बताया कि आरोपी के कब्जे से छह मोबाइल फोन,चार सिम कार्ड,फर्जी आधार कार्ड,15 एटीएम कार्ड,नौ बैंक पासबुक,सात चेकबुक,साइबर ठगी से संबंधित 1.45 लाख रुपये नकद बरामद किये गये। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों से फोन कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करता था तथा उन्हें लोन और निवेश योजनाओं का प्रलोभन देता था। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, वेरिफिकेशन शुल्क, इंश्योरेंस चार्ज और अन्य मदों के नाम पर उनसे धनराशि जमा कराई जाती थी।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह फर्जी आधार कार्ड तैयार कराकर उनके आधार पर सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवाता था। ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न खातों में जमा कराने के बाद एटीएम कार्ड, चेकबुक और सीएससी सेंटरों के माध्यम से तत्काल निकाल लिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में आरोपी द्वारा करीब 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी किए जाने की जानकारी मिली है। इसके अलावा महाराष्ट्र के बृहन्मुंबई क्षेत्र में भी उसके खिलाफ साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज है। वहीं, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर आरोपी से संबंधित 20 से अधिक शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित